साक्षी महाराज ने ओवैसी पर साधा निशाना


मेरठ। अयोध्या पर फैसले के बाद पहली बार मेरठ आए उन्नाव के भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि जो लोग सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को हरहाल में स्वीकार करने की बात करते थे, आज वही सवाल उठा रहे हैं। हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी को चेताया कि वह गद्दारी की बातें न करें। उन्होंने कहा कि जब अनुच्छेद 370 हटाया गया था तब भी हैदराबाद की चाल उल्टी थी। आज जब अयोध्या का निर्णय आया है तब भी वहां का यही हाल है। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय पर किसी को टीका टिप्पणी का कोई हक नहीं है। हरिद्वार से दस दिनों का प्रवास कर लौट रहे साक्षी महाराज सोमवार को सदर स्थित बैंक स्ट्रीट में बालाजी मंदिर के महामंडेलश्वर महंत महेंद्रदास महाराज के आवास पर पहुंचे और पत्रकारों से बातचीत की। उन्‍होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। साक्षी महाराज ने कहा कि राम मंदिर को लेकर लगातार साधु.संतों ने आंदोलन चलाया। आज जाकर उनका आंदोलन व संघर्ष सफल हो पाया है। पूरे देश ने अयोध्या के निर्णय पर शांति व सद्भावना का परिचय दिया है। पूरा देश एक सूत्र में है। साक्षी महाराज ने कहा कि जब उन्होंने पिछले वर्ष 2019 तक राम मंदिर बनने की बात कही थी तो लोगों ने उनका मजाक उड़ाया था। आज वही लोग कुछ बोलने लायक नहीं रह गए हैं। मेरी भविष्यवाणी सही साबित हुई है।